Bihar School News: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय ग्वालटोली सिंहपुर में रसोईया पर शिक्षिका के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है. मामले को लेकर शिक्षिका रीमा घोष ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित शिकायत दी है. वहीं, विद्यालय के छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों ने रसोईया आशा देवी के साथ प्रधानाध्यापक के तबादले की भी मांग की है.
शिक्षिका की शिकायत मिलने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अल्ताफ हुसैन विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच की. उन्होंने विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं, स्थानीय ग्रामीणों और अन्य सहायक शिक्षकों से घटना के संबंध में जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए.
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए बयानों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया रसोईया की गलती और अनुशासनहीनता सामने आई है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में किसी भी तरह का हिंसक या अमर्यादित व्यवहार शैक्षणिक माहौल, अनुशासन और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है.
जांच के बाद शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालय शिक्षा समिति को आवश्यक निर्देश जारी किया है. समिति को पत्र प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर आपात बैठक बुलाकर रसोईया आशा देवी के मामले में विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्णय लेने को कहा गया है. निर्णय लेते समय विद्यालय हित, बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है.
छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने भी लगाए आरोप
मामले को लेकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों में भी नाराजगी बताई जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि रसोईया के व्यवहार से विद्यालय का माहौल प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों ने रसोईया आशा देवी और प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुबाशिर आलम के तबादले की मांग की है.
हालांकि, प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुबाशिर आलम ने ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है. वहीं, रसोईया आशा देवी ने भी अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है.
फिलहाल प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की जांच के बाद विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक और उसमें लिए जाने वाले निर्णय पर मामले की आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी.