Bihar Train News: सर्दियों में घने कोहरे के कारण रेल परिचालन पर पड़ने वाले असर को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के परिचालन में बदलाव करने का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेल मंडल से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को निर्धारित दिनों में रद्द रखा जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों के फेरों में कटौती की जाएगी। 




वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी अनूप सिंह ने बताया की यह व्यवस्था 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी। इससे बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।




कटिहार रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनूप कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस ऐप या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जानकारी ले सकते हैं।




निर्धारित दिनों में डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903) शुक्रवार और सोमवार, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15904) रविवार और बुधवार, कामाख्या-गया एक्सप्रेस (15620) सोमवार, गया-कामाख्या एक्सप्रेस (15619) मंगलवार, कामाख्या-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (15621) गुरुवार तथा आनंद विहार टर्मिनल-कामाख्या एक्सप्रेस (15622) शुक्रवार को नहीं चलेगी।





रेलवे के निर्णय के अनुसार कामाख्या-आनंद विहार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस (12505) बुधवार और रविवार तथा आनंद विहार-कामाख्या नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस (12506) शुक्रवार और मंगलवार को रद्द रहेगी। इसी तरह अलीपुरद्वार-दिल्ली सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस (15483) बुधवार और शनिवार तथा दिल्ली-अलीपुरद्वार एक्सप्रेस (15484) शुक्रवार और सोमवार को नहीं चलेगी। न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (15725) मंगलवार और आनंद विहार-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस (15726) बुधवार को रद्द रहेगी। डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस (15909) शनिवार तथा लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस (15910) मंगलवार को नहीं चलेगी।




रेलवे प्रशासन स्टेशनों पर उद्घोषणा, एसएमएस अलर्ट और पूछताछ काउंटरों के माध्यम से यात्रियों को जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि पुराने शेड्यूल पर निर्भर रहने के बजाय यात्रा से पहले 139 या एनटीईएस ऐप से ट्रेन का परिचालन जरूर जांच लें। इससे स्टेशन पहुंचने के बाद होने वाली अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा।

रिपोर्ट- विनय झा, कटिहार