Bihar Road Accident: कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में शारदीय नवरात्र के पहले दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. स्टेट हाईवे-77 पर बलखावा मोड़ के पास रविवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में पोठिया गांव के रहने वाले आशीष कुमार यादव (19) और सुमित कुमार यादव (18) की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों गहरे दोस्त थे. इस घटना के बाद उनके परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है.


मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:30 बजे पोठिया वार्ड संख्या-10 निवासी आशीष कुमार यादव अपने दोस्त सुमित कुमार यादव के साथ बाइक से नरहैया पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे. सुमित पोठिया के वार्ड संख्या-14 का रहने वाला था. दोनों पेट्रोल भराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में बलखावा मोड़ के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई.


बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर एक मछली व्यवसायी सवार था. दोनों बाइकों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशीष और सुमित को संभलने का मौका नहीं मिला. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर के बाद दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.


नवरात्र के पहले दिन हुए इस हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. अपने बच्चों की मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. त्योहार की तैयारियों के बीच दो परिवारों में मातम छा गया.


स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक आपस में गहरे दोस्त थे. उनकी अचानक मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई.


घटना की सूचना मिलने पर पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया.


थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि बलखावा मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है. परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज करने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कटिहार से समीर कुमार झा की रिपोर्ट