Bihar Crime News: कटिहार में आपत्तिजनक तस्वीर और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने, दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. मामले में दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. पीड़िता ने पड़ोस में रहने वाले मो. सगीर समेत तीन लोगों के खिलाफ साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी.
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले मो. सगीर ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे दोस्ती की थी. बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो हासिल कर लिए. पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2023-24 के दौरान फोन पर बातचीत के क्रम में उस पर निजी तस्वीरें और वीडियो बनाने के लिए दबाव बनाया गया.
आरोप है कि बाद में मो. सगीर ने अपने दो दोस्तों मो. मुजाहिद और मो. मुस्फिक के साथ भी तस्वीरें और वीडियो साझा किए. पीड़िता के अनुसार, दोनों आरोपितों ने भी फोन कर उस पर दबाव बनाया. जब उसने उनकी बात मानने से इनकार किया तो 20 अगस्त 2026 को उसकी आपत्तिजनक तस्वीर वाट्सएप के माध्यम से वायरल कर दी गई.
पीड़िता ने आरोपितों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है. शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और हसनगंज थाना क्षेत्र से एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, दो अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
साइबर थाना पुलिस पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी अन्य व्यक्ति की तस्वीर या वीडियो का गलत तरीके से इस्तेमाल कर उसे वायरल करने की शिकायत मिलने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि इस तरह की सामग्री का दुरुपयोग किया जा सकता है और शिकायत मिलने पर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर रही है. साथ ही आपत्तिजनक तस्वीर और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.