Bihar Weather News: कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई. हादसा बैरिया पंचायत के सोलकंधा गांव में हुआ. मृतक की पहचान दीपक सिंह के 14 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण कुमार सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण रविवार को अपने घर के पास डाबलू चौक स्थित खेत में शौच के लिए गया था. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया. देखते ही देखते तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई. इसी बीच खेत में आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से लक्ष्मण गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए. बेटे की मौत की खबर सुनकर माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
परिजनों ने घटना की जानकारी आजमनगर अंचलाधिकारी अजय कुमार सिंह को दी. सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. अंचलाधिकारी ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से बालक की मौत की सूचना मिली है. मामले की स्थलीय जांच कराई जाएगी.
अंचलाधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार पीड़ित परिवार को देय अनुग्रह अनुदान और मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है. ग्रामीण सुदाम सिंह, प्रीतम कुमार मंडल समेत अन्य लोगों ने प्रशासन और राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.