KATIHAR: कटिहार जिले के कोढ़ा में नकली कीटनाशक बनाने और उसकी पैकिंग करने के कथित कारोबार का खुलासा हुआ है। कृषि विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में UPL कंपनी के लोकप्रिय फफूंदनाशक SAAF के नाम पर नकली उत्पाद तैयार करने से जुड़ी सामग्री बरामद की गई है। छापेमारी में करीब 2600 खाली पैकेट, कच्चा माल और पैकिंग-सीलिंग मशीन जब्त की गई। बरामद सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 3.07 लाख रुपये बताया गया है।



जगदीप सिंह के मार्केट स्थित मकान में हुई छापेमारी

जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार के निर्देश पर नकली कीटनाशकों के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जिला कृषि पदाधिकारी, पूर्णिया द्वारा गठित विशेष टीम ने कोढ़ा थाना पुलिस, कृषि विभाग के अधिकारियों और UPL कंपनी के प्रतिनिधि के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। कोढ़ा स्थित जगदीप सिंह के मार्केट/मकान में तलाशी के दौरान नकली कीटनाशक तैयार करने और उसकी पैकिंग से संबंधित सामग्री मिली।मकान मालिक के अनुसार, मुंगेर जिले के दरियापुर निवासी मुकेश कुमार, पिता सुरेश कुमार यादव, द्वारा वहां यह गतिविधि संचालित किए जाने की बात बताई गई है। हालांकि, मामले में संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।


मशीन से लेकर कच्चे माल तक मिले

छापेमारी के दौरान करीब 2600 खाली पैकेट, कीटनाशक तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकेट सील करने की मशीन और कारोबार से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, UPL के SAAF ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद की पैकिंग की जा रही थी।



विशेष टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई में सहायक निदेशक पौधा संरक्षण जय किशन कुमार, सहायक निदेशक बीज विश्लेषण शालिनी कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, UPL कंपनी के प्रतिनिधि रंजीत कुमार सिंह तथा कोढ़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी और अन्य विभागीय कर्मी शामिल थे।

किसानों से सतर्क रहने की अपील

जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने किसानों से कीटनाशक एवं अन्य कृषि रसायनों की खरीदारी केवल अधिकृत और लाइसेंसधारी दुकानों से करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खरीदारी पर पक्का बिल अवश्य लें। साथ ही उत्पाद की पैकिंग, बैच नंबर, निर्माण तिथि और वैधता की जांच करें।


उन्होंने चेतावनी दी कि नकली कीटनाशकों के इस्तेमाल से फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ किसानों को आर्थिक क्षति भी हो सकती है। किसी संदिग्ध उत्पाद के निर्माण, बिक्री या आपूर्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल कृषि विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कृषि विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी रहेगी।