KATIHAR: कटिहार के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तीयारपाड़ा स्थित ओवरसीज बैंक के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसे हो गया। छठ घाट से लौट रहे तीन मासूम बच्चे दमकल गाड़ी के चपेट में आ गये। जिससे तीनों बुरी तरह घायल हो गये। हादसे के बाद तीनों बच्चों को इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।


मिली जानकारी के अनुसार, अग्निशमन विभाग की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे तीन बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।


इधर, घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। लोग हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और पीड़ित बच्चों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।


घटना को लेकर इलाके में आक्रोश का माहौल है। हादसे के कारणों और फायर बिग्रेड की गाड़ी के अनियंत्रित होने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

विजय झा की रिपोर्ट