Bihar News: बिहार के कटिहार जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दूसरी जाति में प्रेम विवाह करने से नाराज पिता और भाई ने अपनी जीवित बेटी को मृत मानकर उसका पूरे विधि-विधान से पिंडदान और श्राद्ध कर्म करा दिया। इतना ही नहीं, परिवार ने बाल मुंडवाने से लेकर तेरहवीं तक की सभी रस्में भी निभाईं। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र की कंटिया पंचायत अंतर्गत निझरा गांव का है। गांव निवासी श्याम ठाकुर की बेटी सैजल कुमारी ने 23 अक्टूबर को पहलागढ़ पंचायत निवासी अजय पासवान के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। अजय पासवान वर्तमान मुखिया सरस्वती देवी और मुन्ना पासवान के पुत्र हैं। बताया जा रहा है कि सैजल के अंतर्जातीय विवाह की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग नाराज हो गए।
परिजनों का आरोप है कि बेटी के इस कदम से समाज में उनकी पारिवारिक प्रतिष्ठा और मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। इसी नाराजगी में पिता श्याम ठाकुर और भाई ने गांव में पुरोहित को बुलाकर सैजल का पिंडदान करा दिया। परिवार की ओर से मुंडन संस्कार से लेकर श्राद्ध और तेरहवीं तक की रस्में पूरी की गईं।
इस दौरान पिता ने भावुकता और नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बेटी के इस कदम के बाद उनके लिए उसका जिंदा रहना या न रहना बराबर है। उन्होंने कहा कि समाज में अब उनका मुंह दिखाना मुश्किल हो गया है, इसलिए उन्होंने बेटी को अपने लिए हमेशा के लिए मृत मान लिया है।
दूसरी ओर, नवविवाहिता सैजल कुमारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है। सैजल के मुताबिक, वह और अजय पिछले 11 वर्षों से एक-दूसरे से प्यार करते हैं। दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है।
सैजल ने बताया कि उन्होंने कई बार अपने-अपने परिवारों को शादी के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन जाति की वजह से परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए। आखिरकार दोनों ने अपनी जिंदगी का फैसला खुद लेते हुए विवाह कर लिया। सैजल का कहना है कि उन्होंने यह कदम अपनी खुशी और सहमति से उठाया है।