KATIHAR: कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की सुरक्षा और निजता से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि हॉस्टल के सेकंड फ्लोर स्थित बाथरूम में एक कर्मचारी ताक-झांक करते हुए पकड़ा गया। घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं में आक्रोश फैल गया। इसके बाद छात्रों ने कॉलेज परिसर में विरोध-प्रदर्शन करते हुए हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।


बताया जाता है कि गर्ल्स हॉस्टल परिसर में गार्ड रूम का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों को लेकर यह मामला सामने आया। छात्रों का आरोप है कि संबंधित स्टाफ द्वारा बाथरूम की ओर से वीडियो बनाने की कोशिश की गई। हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।


मामले को लेकर छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर घटना को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि विरोध प्रदर्शन किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि हॉस्टल और पूरे कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किया जा रहा है।


कॉलेज की ओर से डॉ. रंजना कुमारी ने बताया कि हॉस्टल में गार्ड रूम का निर्माण कराया जा रहा था और वहां बीसीडी के मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक घटना हुई, जिसकी शिकायत थाने में की गई है। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज हो गई है और कॉलेज प्रशासन छात्राओं के साथ खड़ा है। उन्होंने मामले को कुछ गलतफहमी का परिणाम बताते हुए कहा कि इसे दूर किया जाएगा।


वहीं, प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से छात्राएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। छात्रों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाने और मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।