Bihar Cylinder Blast News: बिहार के कटिहार में नाश्ते की एक दुकान पर अचानक एलपीजी सिलिंडर में विस्फोट हो गया. धमाका इतना जोरदार था कि दुकान पर मौजूद चार बच्चों समेत पांच लोग इसकी चपेट में आकर झुलस गए. हादसे में एक बच्चे और 35 वर्षीय व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर किया गया है.
घटना मनिहारी थाना क्षेत्र के बलुआघट्टी की है. जानकारी के अनुसार, यहां एक फास्ट फूड दुकान पर कुछ लोग नाश्ता कर रहे थे. इसी दौरान दुकान में रखे एलपीजी सिलिंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. दुकान पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पांच लोग झुलस गए.
चार बच्चों समेत पांच लोग झुलसे
इस हादसे में अनंत परिहार, आयुष कुमार, प्रियांशु, राम और आर्यन कुमार झुलस गए. घायलों में चार बच्चे और एक 35 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी को मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया.
आयुष और अनंत की हालत गंभीर
मनिहारी अनुमंडल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. राकेश पराशर ने बताया कि बलुआघट्टी से झुलसे हुए पांच मरीज अस्पताल पहुंचे थे. इनमें चार बच्चे और एक 35 वर्षीय व्यक्ति शामिल थे. उन्होंने बताया कि घायलों में आयुष कुमार और अनंत परिहार की स्थिति ज्यादा गंभीर थी. सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
नाश्ते की दुकान पर हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. फिलहाल सिलिंडर में विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. प्रशासन हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटा है. वहीं, सभी घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है.