Bihar Flood News: कटिहार के फलका थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन पर मामा के घर राखी बंधवाने आए 35 वर्षीय युवक की बरंडी नदी में डूबने से मौत हो गई. शनिवार सुबह मोरसंडा पंचायत के कमलाघाट पर स्नान करने के दौरान पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में चला गया. स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बाहर निकाला गया.


मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के सिंघीयान गांव निवासी सोनू कुमार शर्मा (35) के रूप में हुई है. सोनू शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मामा भिखारी शर्मा के घर मोरसंडा आया था. शनिवार सुबह करीब नौ बजे वह गांव के कुछ लोगों के साथ बरंडी नदी के कमलाघाट पर स्नान करने गया था.


बताया गया कि नदी में स्नान करने के दौरान अचानक सोनू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में डूब गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने नदी में उसकी तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया.


घटना की सूचना मिलने पर मोरसंडा पंचायत के मुखिया अजहरुद्दीन उर्फ राजू नायक और उप प्रमुख नेहा प्रवीण ने अंचलाधिकारी सौमी पोद्दार और फलका पुलिस को जानकारी दी. सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार सुमन और पुअनि अंजनी कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.


कमलाघाट पर लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों के अनुसार, अगस्त महीने में अब तक इस घाट पर तीन बच्चों समेत चार लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है. ग्रामीणों ने घाट पर सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की जरूरत बताई है.


सोनू की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के भाई मोनू कुमार शर्मा समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रक्षाबंधन पर मामा के घर खुशी से पहुंचे सोनू की नदी में डूबने से हुई मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.


अंचलाधिकारी सौमी पोद्दार ने बताया कि घटना की जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजा गया है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि मृतक के आश्रित को आपदा के तहत मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी.