Bihar Crime News: बिहार के कटिहार जिले से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. जहां 19 वर्षीय युवती ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पीड़िता के आवेदन पर महिला थाना पुलिस ने चंदन कुमार और इंदल दास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. चंदन कुमार को रेलवे का असिस्टेंट लोको पायलट बताया जा रहा है.


पीड़िता के अनुसार, 22 सितंबर को वह किसी बात से नाराज होकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची थी. इसी दौरान रेलवे की पोशाक पहने एक व्यक्ति ने उससे बातचीत की. आरोप है कि उसने अपना नाम चंदन कुमार बताया और रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया.


युवती का आरोप है कि नौकरी दिलाने की बात कहकर आरोपी उसे सहायक थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ले में स्थित एक किराए के मकान में ले गया. वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ने अपने कुछ साथियों को फोन कर वहां बुलाने की कोशिश की.


युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. इसके बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ वहां से फरार हो गया. घटना के बाद डर के कारण युवती ने तत्काल पुलिस से शिकायत नहीं की. करीब चार दिन बाद वह महिला थाना पहुंची और पुलिस को लिखित आवेदन दिया.


आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस अब पीड़िता के बयान, घटनास्थल और आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.


कटिहार एसपी परिचय कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


वहीं, मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कदवा विधायक शकील अहमद खान ने बिहार सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार की आलोचना की है.