Bihar Crime News: कैमूर के नुआंव थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को बधार में फेंकने का मामला सामने आया है. बुधवार सुबह अखिनी गांव के बधार में युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान लक्ष्मण राम के 25 वर्षीय पुत्र रवींद्र राम के रूप में हुई है. रवींद्र नुआंव में टेलर का काम करता था.


बताया जा रहा है कि सोमवार रात रवींद्र कुछ दोस्तों के साथ घर से बाहर निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा. मंगलवार तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. बुधवार सुबह गांव के बधार में शव मिलने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ.


बधार में मिला धड़, कुछ दूरी पर पड़ा था सिर

बुधवार सुबह ग्रामीण जब गांव के दक्षिणी हिस्से में स्थित बधार की ओर गए तो झाड़ियों के पास एक युवक का धड़ पड़ा दिखाई दिया. शव की हालत देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना तेजी से गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.


धड़ की पहचान नहीं हो पाने के बाद आसपास के इलाके में तलाश की गई. इसी दौरान कुछ दूरी पर युवक का सिर भी बरामद हुआ. सिर और धड़ अलग-अलग जगह मिलने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई.


दोस्तों के साथ घर से निकला था रवींद्र

परिजनों के अनुसार, रवींद्र सोमवार शाम अपनी टेलर की दुकान बंद करने के बाद घर लौट आया था. रात में उसके कुछ साथी घर पहुंचे और उसे अपने साथ बाहर ले गए. परिजनों को लगा कि वह दोस्तों के साथ घूमकर थोड़ी देर में वापस आ जाएगा.


लेकिन रात बीतने के बाद भी रवींद्र घर नहीं लौटा. मंगलवार को परिजनों ने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी ली गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. बुधवार सुबह बधार में शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रवींद्र के रूप में की.


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

युवक की हत्या की सूचना मिलते ही नुआंव और रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के इलाके में जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं.


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रवींद्र की हत्या किस वजह से की गई और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे. सोमवार रात उसे घर से बुलाकर ले जाने वाले लोगों की भूमिका को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है.


हत्या के कारणों का अब तक नहीं हुआ खुलासा

रवींद्र की इस तरह हत्या किए जाने के पीछे क्या वजह थी, इसका अभी पता नहीं चल सका है. पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.


घटना के बाद रवींद्र के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. शव मिलने की खबर के बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मच गई. वहीं, युवक की बेरहमी से हत्या और सिर-धड़ अलग-अलग जगह मिलने की घटना से अखिनी गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.