Bihar Road Accident: बिहार के कैमूर जिले में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। हादसा मोहनिया थाना क्षेत्र में बघीनी और बहदुरा गांव के बीच नटीनिया माई के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क किनारे पानी से भरे बहाव में जा गिरे।



मृतकों की पहचान बघीनी गांव निवासी विकास कुमार उर्फ विकास चौधरी, बिट्टू कुमार (करीब 18 वर्ष) और दिलखुश राय (करीब 16 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। अपनों की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



मृतक विकास कुमार के चाचा अरुण चौधरी के अनुसार, तीनों युवक किसी काम से अपने गांव से मोहनिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बघीनी और बहदुरा गांव के बीच नटीनिया माई के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।



टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क किनारे पानी में जा गिरे। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर पानी में पड़े लोगों पर पड़ी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी।



सूचना मिलने के बाद मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार करने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, हादसे में घायल दो लोगों को इलाज के लिए मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।



हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अचानक हुए इस हादसे से परिवारों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। मोहनिया के प्रभारी एसडीपीओ दयानंद कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है।