Bihar News: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एनकाउंटर जैसी सख्त नीतियों का भी सहारा लिया जा रहा है। बावजूद इसके, जमीनी हकीकत सरकारी दावों से मेल खाती नजर नहीं आ रही है।
दरअसल, प्रदेश में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है और कानून का भय कम होता नजर आ रहा है। शादी-ब्याह और नाच-गाने के आयोजनों में सरेआम हथियारों का प्रदर्शन अब आम बात बनती जा रही है। ऐसे मामलों से न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि पुलिस की कार्यशैली भी कटघरे में आ रही है।
ताजा मामला कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के पसपिपरा गांव का है। यहां 10 जून की रात आयोजित एक नाच कार्यक्रम के दौरान एक युवक द्वारा खुलेआम हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की गश्त और सतर्कता के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार मुस्तैदी का दावा करती है, तो सार्वजनिक आयोजनों में हथियारों का प्रदर्शन कैसे हो रहा है?
मामले पर मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। आरोपी की पहचान के लिए गुप्तचरों और चौकीदारों की मदद ली जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस सक्रिय होती है।