KAIMUR: रेल थाना भभुआ रोड पुलिस और RPF की CPDS टीम (DDU) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर 3 से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से कुल 10 अभियुक्तों (1 पुरुष और 9 महिलाएं) को गिरफ्तार किया है।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3.24 लीटर विदेशी शराब और 43.8 लीटर देशी शराब, यानी कुल 46.640 लीटर अवैध शराब जब्त की। मामले में CPDS टीम के संदीप कुमार की शिकायत पर रेल थाना भभुआ रोड में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम, 2022 की धारा 30(a) के तहत कांड संख्या 27/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक रामचंद्र राम को बनाया गया है।


गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली जिले के भगवानपुर का सत्येन्द्र पाण्डेय (56 वर्ष) तथा रोहतास जिले की विभिन्न थाना क्षेत्रों (डालमियानगर, डिहरी, संजौली, विक्रमगंज, सासाराम व अकोढ़ी गोला) की निवासी राजमुनी देवी, इन्द्रमणी देवी, विंध्याचली कुमारी, सुमन देवी, डोमनी देवी, संजू देवी, शिमला देवी, निभा देवी और कविता देवी शामिल हैं।


रेल पुलिस का कहना है कि ट्रेनों व स्टेशन परिसर के माध्यम से शराब तस्करी पर नकेल कसने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया था। गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


भभुआ रोड जीआरपी के asi उपेंद्र राम ने बताया कि पंडित दीनदयाल से ही जांच ट्रेन में चलाई जा रही थी। इसी क्रम में हम लोगों को सूचना प्राप्त हुई तो भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर 9 महिला और एक पुरुष को उतारा गया। तलाशी लेने पर इन सभी के पास से शराब बरामद हुआ है ।जिसके बाद जेल भेजा जा रहा है।