JAMUI: भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में चलाए जा रहे दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जमुई में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पटना से वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए जमुई पहुंचे।
जमुई रेलवे स्टेशन पर उनके स्वागत के लिए जमुई की विधायक और बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयशी सिंह के नेतृत्व में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खाड़ी देशों में जारी युद्ध की स्थिति को देखते हुए डीजल और पेट्रोल की खपत कम करने की अपील की है। प्रधानमंत्री की इसी अपील को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सड़क मार्ग के बजाय ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि यदि वे सड़क मार्ग से यात्रा करते, तो उनके साथ एस्कॉर्ट सहित कई गाड़ियां चलतीं, जिससे अधिक ईंधन की खपत होती। ऐसे में जहां तक संभव हो, ट्रेन से यात्रा कर ईंधन की बचत की जा सकती है। इसी सोच के तहत वे वंदे भारत एक्सप्रेस से जमुई पहुंचे हैं।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा विपक्ष को गंभीरता से नहीं लेती।उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर देश के खिलाफ बयान देते हैं, जबकि तेजस्वी यादव बिहार से बाहर जाकर राज्य की छवि खराब करने का काम करते हैं। ऐसे नेताओं को जनता गंभीरता से नहीं लेती।