JAMUI: बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा के साथ हुई बदसलूकी की घटना पर राजनीति तेज हो गयी है। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर सम्राट सरकार पर जोरदार हमला बोला है। इस घटना को शर्मनाक बताते हुए तेजस्वी यादव ने सभी आरोपियों को फांसी की सजा दिये जाने की मांग की। 


बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी की घटना पर सियासत तेज है। पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी नंदन यादव का एनकाउंटर कर दिया है जबकि दूसरे आरोपी का भागने के दौरान पैर टूट गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के इस एक्शन पर जीतन राम मांझी का रिएक्शन आया है। मांझी ने तेजस्वी यादव पर तंज किया है।


दरअसल, जमुई कांड के आरोपी नंदन यादव के हाफ एनकाउंटर के बाद बिहार में जाति को लेकर एक बार फिर से सियासत शुरू हो गई है। केंद्रीय मंत्री और सरकार में शामिल हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जाति को लेकर तीखा तंज किया है। मांझी ने कहा है कि अब तेजस्वी यादव कहेंगें कि देखिए ना सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया। 


जीतन राम मांझी ने एक्स पर लिखा, “HAM बोलते नहीं करके दिखलाते हैं। जमुई वाले मामले की जानकारी तो सबको लग ही गई होगी। पर इसमें हम आपको लेटेस्ट जानकारी दे देतें हैं। तेजस्वी जी कहते रहें हैं ना कि बिहार-यूपी का हर “यादव” उनका भाई है। 


तो उन्हीं भाईयों में से कुछ भाईयों ने जमुई में लड़की छेड़कर विडियो बनाया था ताकि हमारी सरकार को बदनाम किया जा सके। अब तेजस्वी यादव कहेंगें देखिए ना सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया। मैं अभी भी कहूँगा तेजस्वी जी अपने भाईयों को सचेत कर दिजिए, नहीं तो सम्राट की सरकार किसी को बख़्शने वाली नहीं है। सम्राट का सुशासन है भाई।


केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि इस गंभीर घटना में जात-पात को बीच में नहीं लाना चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती और उन्हें हर हाल में उनके किए की सजा मिलनी चाहिए। मांझी को बिहार से कोई मतलब ही नहीं है। बंगला और सुरक्षा तो मिल ही गया, बेटा भी मंत्री बन गया अब चिंता किस बात की है।


तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग इस जघन्य अपराध में जाति का एंगल ढूंढ रहे हैं, वे असल में आरोपियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं।  उन्होंने पुलिस से पूछा की सातों आरोपियों पर अभी तक क्या कार्रवाई की गयी है? तेजस्वी यादव ने सभी आरोपियों को फांसी की सजा दिये जाने की मांग की।