Bihar News : जमुई जिले में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बरहट थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक शिक्षक को गोली मार दी। घायल शिक्षक की पहचान मटिया पंचायत के मुखिया पुत्र सह शिक्षक गौतम दास के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार गौतम दास पड़ोसी लखीसराय जिले में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए लखीसराय जा रहे थे। इसी दौरान बरहट थाना क्षेत्र के पाड़ो बिशनपुर स्थित मन्सू घटा पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी भी बाइक पर सवार थे और उन्होंने पीछे से शिक्षक का पीछा किया। जैसे ही गौतम दास पुल के समीप पहुंचे, बदमाशों ने चलते बाइक से उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली सीधे उनकी पीठ में जाकर लगी, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े शिक्षक को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत इलाज के लिए जमुई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायल शिक्षक की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बरहट थाना अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला सुनियोजित हमले का प्रतीत हो रहा है। हालांकि गोलीबारी के पीछे की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, पुराना विवाद और अन्य संभावित कारण शामिल हैं।
इधर घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि सुबह-सुबह इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बरहट थाना पुलिस ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घायल शिक्षक का इलाज जारी है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।