Bihar Accident : बिहार के जमुई जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खैरा में छात्रा की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि झाझा में एक और दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और बेलगाम हाइवा ने कोचिंग से घर लौट रही एक छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-333 को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।


जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा झाझा थाना क्षेत्र के चरघरा गांव के समीप बुधवार को हुआ। मृतक छात्रा की पहचान चरघरा गांव निवासी नंदू साह की 15 वर्षीय पुत्री नैना कुमारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि नैना रोज की तरह झाझा बस स्टैंड स्थित कोचिंग संस्थान से पढ़ाई कर साइकिल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा सड़क पर दूर जा गिरी। हादसे के दौरान हाइवा का पहिया उसके पैर पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए हाइवा को रोक लिया। हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि वाहन में मौजूद खलासी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।


घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल नैना को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में नैना ने दम तोड़ दिया।


छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक और गुस्से का माहौल व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।


आक्रोशित ग्रामीणों ने छात्रा के शव को सड़क पर रखकर एनएच-333 को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस सड़क पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, दोषी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।


घंटों तक सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।


फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था, तेज रफ्तार भारी वाहनों और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रहे हादसों के बीच स्थानीय लोग अब स्थायी समाधान और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।