JAMUI: जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र अंतर्गत लहर्नियाटांड़-करहरा मुख्य मार्ग पर नागी डैम के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में साला-बहनोई की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों नई मोटरसाइकिल से काली पूजा में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एक तेज रफ्तार खाली ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक का शव ट्रक के अगले चक्के में फंस गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।


मृतकों की पहचान झाझा थाना क्षेत्र के बूढ़ीखार गांव निवासी 18 वर्षीय मनोज मांझी तथा सोनो थाना क्षेत्र के खुर्द महापुर निवासी 28 वर्षीय सहदेव मांझी के रूप में हुई है। दोनों आपस में साला-बहनोई थे। घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाते हुए पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही झाझा थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार और दिलीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ट्रक के अगले चक्के में फंसे शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।


पुलिस को मृतकों के पास से मिले आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों के आधार पर उनके परिजनों को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जहां अपनों के शव देखकर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृतक मनोज के भाई गोलू मांझी ने बताया कि मंगलवार को उनके घर पर वार्षिक काली पूजा का आयोजन था। इसी पूजा में शामिल होने के लिए सहदेव मांझी मंगलवार को ही शोरूम से नई मोटरसाइकिल खरीदकर अपने साले मनोज के साथ ससुराल जा रहे थे। किसी ने भी नहीं सोचा था कि नई बाइक की पहली यात्रा ही दोनों की जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


एसआई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जब्त ट्रक के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक हादसे ने एक ही पल में दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और काली पूजा का उत्सव मातम में बदल गया।