BIHAR NEWS: बिहार के जमुई जिले के अतिव्यस्त इलाका कचहरी चौक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वैसे तो पुलिस वालों को ड्यूटी के वक्त मोबाइल का इस्तेमाल करने की मनाही है, इसके बावजूद लोग धड़ल्ले से मोबाइल का इस्तेमाल करते नजर आते हैं। लेकिन इस बार ड्यूटी के दौरान महिला और पुरुष पुलिस पदाधिकारी के बातचीत का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो पुलिस पदाधिकारी (महिला और पुरुष) ट्रैफिक पोस्ट पर बैठकर आपस में बातचीत करने में इतने मशगूल दिखाई दे रहे हैं कि सामने सड़क पर लगे जाम, लगातार बज रहे वाहनों के हॉर्न और गुजर रही एंबुलेंस पर उनका ध्यान नहीं गया।


दरअसल, बारिश थमने के बाद कचहरी चौक पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया था। चारों तरफ से वाहन एक-दूसरे के रास्ते में फंसते चले गए और देखते ही देखते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। जाम में फंसे वाहन चालक लगातार हॉर्न बजाकर रास्ता देने का इशारा करते रहे। इस दौरान सरकारी और निजी एंबुलेंस भी जाम के बीच से निकलने की कोशिश करती नजर आईं, लेकिन वायरल वीडियो में दोनों पुलिस पदाधिकारी अपनी बातचीत में ही मशगूल दिखाई दे रहे हैं।


इतना ही नहीं, महिला पुलिस अधिकारी के हाथ में वाहनों का चालान काटने वाला उपकरण भी दिखाई दे रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब शहर के मुख्य चौराहे पर यातायात व्यवस्था चरमरा रही थी, तब ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी सड़क की स्थिति संभालने के बजाय आपस में बातचीत में क्यों व्यस्त थे?


वीडियो बनाने के दौरान भी पुलिस पदाधिकारियों की नजर कैमरे की ओर जाती दिखाई देती है, लेकिन इसके बावजूद जाम हटाने या यातायात व्यवस्था को सुचारू करने की कोई सक्रियता नजर नहीं आती। मानो ड्यूटी के दौरान सड़क पर क्या हो रहा है, उससे ज्यादा जरूरी उस वक्त बातचीत हो।


बता दें कि पिछले दिनों नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले को लेकर भी जमुई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे। अब कचहरी चौक का यह वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर पुलिस की सक्रियता और ड्यूटी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इतनी संवेदनशील घटना के बाद भी शहर के मुख्य चौराहे पर तैनात पुलिस पदाधिकारी अगर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सजग नजर नहीं आते हैं, तो इससे पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।


लिहाजा सवाल यह है कि जिनके कंधों पर शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी है, अगर वही ड्यूटी के दौरान इस तरह बातचीत में मशगूल दिखाई देंगे तो सड़क पर व्यवस्था कौन संभालेगा? बहरहाल, वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।


इस मामले को लेकर जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें भी मिली है। उन्होंने संबंधित फोटो भी देखा है। एसपी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

जमुई से फर्स्ट बिहार संवाददाता धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट