JAMUI: जमुई के चर्चित नाबालिग छात्रा से छेड़खानी मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव को सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जमुई कोर्ट में पेश किया गया। इससे पहले कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान एक अधिवक्ता ने एक अन्य आरोपी हरेराम यादव को थप्पड़ मार दिया था। इसी घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।
कोर्ट परिसर से लेकर आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। सुरक्षा के मद्देनजर कई पुलिस पदाधिकारियों और मजिस्ट्रेटों को भी ड्यूटी पर लगाया गया। इसके अलावा दंगा नियंत्रण वाहन की भी तैनाती की गई थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी यादव को सुरक्षा घेरे में कोर्ट परिसर में पेश किया। पेशी के बाद पुलिस उसे सुरक्षित बाहर लेकर गई। पिछली पेशी के दौरान एक अन्य आरोपी हरेराम यादव को वकील आकाश पांडेय ने कोर्ट परिसर में सबके सामने थप्पड़ मारा था, जिसके बाद कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
वहीं, इस मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव की आज कोर्ट में पेशी हुई। पुलिस कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने के बाद नंदन यादव का अस्पताल में इलाज चल रहा था। स्थिति में सुधार होने के बाद मुख्य आरोपी नंदन यादव को पेशी के लिए कोर्ट में लाया गया। इस दौरान भारी संख्या में सुरक्षा कर्मियों को कोर्ट परिसर में तैनात किया गया था। पिछली घटना को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।
मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कोर्ट परिसर में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
बता दें कि मड़वा पहाड़ प्रकरण में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के मुख्य आरोपित नंदन यादव को सोमवार को पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट लाया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस टीम नंदन को लेकर पहुंची। उसे पोक्सो की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। कोर्ट में पेशी के बाद आगे की न्यायिक प्रक्रिया तय होगी।
मड़वा पहाड़ इलाके में नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की थी। घटना से जुड़े वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपितों की पहचान की। मामले में नंदन यादव समेत कई आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही आरोपितों की भूमिका, घटनास्थल पर उनकी मौजूदगी और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो से जुड़े तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।
नाबालिग पीड़िता से जुड़े मामले में पुलिस ने पोक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनके पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, नंदन यादव को कोर्ट लाए जाने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस की मौजूदगी में उसे अदालत परिसर तक पहुंचाया गया। अब विशेष पोक्सो अदालत में पेशी के बाद अदालत के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।