JAMUI: जमुई के मलयपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की। पत्नेश्वर महादलित टोला में छापेमारी कर 12 लीटर देसी शराब के साथ एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल जब्त किया। हालांकि पुलिस को देखते ही शराब तस्कर मौके से फरार हो गये। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। 


 पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पत्नेश्वर महादलित टोला के समीप छापेमारी की। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात पुलिस को पत्नेश्वर महादलित टोला के पास शराब की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। 


सूचना मिलते ही एसआई धनंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित इलाके में घेराबंदी की। पुलिस टीम को मौके पर पहुंचते देख शराब तस्कर अपनी मोटरसाइकिल और शराब की खेप छोड़कर अंधेरे में भाग निकला।


इसके बाद पुलिस ने मौके से 12 लीटर देसी शराब और हीरो होंडा मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR 46/5666) को जब्त कर लिया। जब्त शराब और बाइक को थाना लाया गया। पुलिस अब मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फरार तस्कर की पहचान करने में जुटी है।


फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

इस संबंध में मलयपुर थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष स्वाति कुमारी ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पत्नेश्वर महादलित टोला के पास कार्रवाई के दौरान शराब और मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जबकि तस्कर फरार हो गया।


उन्होंने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।