Bihar News: बिहार के जमुई जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने पहले युवक की जमकर पिटाई की और फिर जबरन महिला की मांग में सिंदूर डलवा दिया।
शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साकल गांव का है। रविवार को घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्रामीणों से बचने के लिए युवक एक खपरैल मकान की छत पर चढ़ गया। हालांकि, ग्रामीणों ने उसे वहां से नीचे उतार लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद युवक से महिला की मांग में जबरन सिंदूर भरवाया गया। वीडियो में इस पूरी घटना का दृश्य दिखाई दे रहा है।
बताया जाता है कि युवक और महिला एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शनिवार की देर रात महिला के बुलाने पर युवक उससे मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान घरवालों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दे दी।
सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और युवक तथा महिला को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। ग्रामीणों ने युवक से महिला की मांग में जबरन सिंदूर भरवाया। हालांकि, महिला के पति ने ग्रामीणों की इस कार्रवाई का विरोध किया। उसने अपनी पत्नी को युवक के साथ जाने नहीं दिया और उसे अपने पास ही रखा। इसके बाद मौके पर मामला शांत हो गया।
फिलहाल इस घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से लक्ष्मीपुर थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।