JAMUI: सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने के आरोप में अधिवक्ता रूपेश कुमार सिंह को थाने लाए जाने के विरोध में सोमवार को जिला विधिक संघ के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। वकीलों ने न्यायिक कार्यों से खुद को अलग रखते हुए साइबर थाना परिसर में कई घंटे तक धरना दिया। इस दौरान कोर्ट परिसर में न्यायिक कार्य प्रभावित रहा।


बताया गया कि रविवार देर शाम साइबर पुलिस अधिवक्ता रूपेश कुमार सिंह को मड़वा मामले से जुड़े एक वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में अपने साथ ले गई थी। पुलिस का आरोप था कि वीडियो भ्रामक है। हालांकि, बाद में अधिवक्ता को छोड़ दिया गया। इसके बाद सोमवार को जिला विधिक संघ ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध जताया।


संघ के अध्यक्ष और सचिव ने बताया कि अधिवक्ता अब अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक इस मामले में संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक न्यायिक कार्यों से अलग रहने का निर्णय जारी रहेगा।


इसके बाद सैकड़ों अधिवक्ता मार्च करते हुए साइबर थाना पहुंचे और खुद को गिरफ्तार करने की मांग की। वकीलों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। संघ की ओर से मामले का निंदा प्रस्ताव निरीक्षण न्यायाधीश, जमुई मंडल और पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश को भेजने की बात कही गई है। साथ ही मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को भर्त्सना प्रस्ताव भेजने तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारी के स्थानांतरण की मांग भी की गई है।