Bihar News: जमुई के सदर प्रखंड स्थित लखनपुर गांव में खेत में गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से 71 वर्षीय किसान जीतन मंडल की मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के स्वजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई.
बताया जा रहा है कि जीतन मंडल खेती-किसानी का काम करते थे. इसी दौरान खेत में गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गए. तार में करंट प्रवाहित होने के कारण उन्हें जोरदार बिजली का झटका लगा. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और स्वजनों को घटना की जानकारी हुई.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. हादसे की जानकारी पुलिस को भी दी गई. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. 71 वर्षीय जीतन मंडल की मौत से स्वजन सदमे में हैं. वहीं, ग्रामीणों में भी बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी देखी गई. ग्रामीणों का कहना है कि खेत में बिजली का तार गिरने के बाद अगर समय रहते उसे हटाया जाता या बिजली आपूर्ति बंद की जाती तो हादसे को टाला जा सकता था.
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से खेतों और ग्रामीण इलाकों में जर्जर बिजली तारों की स्थिति की जांच कराने तथा खुले और नीचे लटक रहे तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के तारों से जुड़े मामलों में लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है.