Bihar Crime News: जमुई जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में मलयपुर थाना क्षेत्र के जोगडीहा कटौना घाट पर पुलिस की छापेमारी के दौरान बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया. पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन इसी दौरान उसका ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया. देखते ही देखते ट्रैक्टर का डाला पलट गया और इंजन नदी के पानी में जा गिरा. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
मिली जानकारी के अनुसार, मलयपुर थाना पुलिस को जोगडीहा कटौना घाट पर अवैध तरीके से बालू खनन और उसके परिवहन की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू कर दी. पुलिस की कार्रवाई देखते ही बालू लदा ट्रैक्टर लेकर चालक भागने की कोशिश करने लगा.
भागने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. इसके बाद ट्रैक्टर का डाला पलट गया, जबकि उसका इंजन अनियंत्रित होकर नदी के पानी में जा गिरा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया.
मामले की पुष्टि करते हुए मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरभ ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. जोगडीहा घाट पर अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया था. पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, इसी दौरान ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध बालू खनन और परिवहन के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.