JAMUI: बिहार में शराबबंदी के 10 साल हो गये हैं लेकिन आज भी शराब की तस्करी जारी है। छपरा में जहां ट्रैक्टर की ट्रॉली में छिपाकर शराब की बड़ी खेप लाई गयी तो वही जमुई जिले में बिस्किट में छिपाकर भारी मात्रा में विदेश शराब लाई गई। धंधेबाजों का हौसला इतना बुलंद है कि ये बेखौफ होकर शराब की तस्करी करने में लगे है। इन्हें देखकर ऐसा लगता है कि इनके अंदर पुलिस का डर मानो खत्म हो गया है। इनके दिमाग में यह बात बैठ गयी है कि जेल जाएंगे फिर कुछ दिन बाद बाहर आ जाएंगे और फिर से अपने इस धंधे में लग जाएंगे। लेकिन पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। हर दिन किसी ना किसी जिले में शराब तस्कर पकड़े जा रहे हैं और उन्हें जेल भी भेजा जा रहा है.
जमुई जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चकाई चेक पोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ऑटो को भी जब्त कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार बिहार सरकार की मद्यनिषेध नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) के निर्देश पर जिलेभर में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने चकाई चेक पोस्ट पर यह कार्रवाई की।
बताया गया कि उत्पाद विभाग की टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पियाजियो कंपनी के ‘एप’ टेम्पो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में बिस्किट के कार्टूनों के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। अधिकारियों ने मौके से विभिन्न ब्रांड की कुल 840 बोतल विदेशी शराब जब्त की, जिसकी कुल मात्रा 296.280 लीटर बताई गई है।
मामले में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर गांव निवासी 29 वर्षीय जितेंद्र मंडल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि शराब की यह खेप झारखंड के देवघर से लाई जा रही थी और इसे बड़हिया समेत आसपास के इलाकों में खपाने की योजना थी। उत्पाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि जिले को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें। प्रशासन ने कहा कि यदि कहीं शराब के अवैध निर्माण, भंडारण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या मद्यनिषेध विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शराब माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।