Bihar News: जमुई नगर परिषद क्षेत्र के नीमारंग मोहल्ले में शुक्रवार की अलसुबह खेत की सिंचाई करने पहुंचे 55 वर्षीय किसान रंगीला साव की करंट लगने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बिजली की मोटर चालू करने के दौरान कटे तार के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ. घटना के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में जमुई सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.


जानकारी के अनुसार, रंगीला साव शुक्रवार सुबह अपने खेत में पटवन करने के लिए गए थे. खेत में बोरिंग से पानी निकालने के लिए बिजली की मोटर लगी हुई थी. मोटर चालू करने के दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया. करंट लगते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े.


हादसे के बाद आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी. ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह उन्हें बिजली के तार से अलग किया और इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.


परिजनों के अनुसार, मोटर से जुड़े तार के कटे होने की वजह से उसमें करंट उतर गया था. मोटर चालू करने के दौरान रंगीला साव इसकी चपेट में आ गए. करंट का झटका लगने के बाद उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला.


किसान की मौत की खबर मिलते ही नीमारंग और आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल में परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के घर में भी मातम का माहौल है.


पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने किया इनकार

रंगीला साव की मौत के बाद अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. परिजनों ने अस्पताल प्रशासन को लिखित आवेदन दिया और शव को अपने साथ घर ले गए. इसके बाद शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी की गई.


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खेतों में इस्तेमाल होने वाले बिजली के तार और मोटर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है. कटे या खराब तारों के कारण इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है.