Bihar News: बिहार के जमुई शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल कचहरी चौक पर सोमवार को अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग के गोले में बदल गई और उससे निकलती ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।


घटना के बाद कुछ देर के लिए चौक पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। दुकानदार और राहगीर अपनी सुरक्षा के लिए वहां से दूर हटने लगे। हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और साहस की वजह से बड़ा हादसा टल गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कचहरी चौक के पास एक मोटरसाइकिल काफी देर से खड़ी थी। अचानक बाइक के इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते उसमें आग पकड़ ली। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेज हो गई कि पूरी बाइक धू-धू कर जलने लगी।


बीच बाजार में बाइक से निकलती आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने बिना देर किए पानी और बालू की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


हालांकि तब तक बाइक का ज्यादातर हिस्सा पूरी तरह जल चुका था और वह सिर्फ जले हुए ढांचे में बदल गई। गनीमत रही कि आग आसपास खड़े अन्य वाहनों या दुकानों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।


बाइक में लगी आग के कारण कचहरी चौक पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को सामान्य कराया।


पुलिस ने जली हुई बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बाइक के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग कैसे लगी।


शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी, वायरिंग में खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से बाइक में आग लगी होगी।