JAMUI:जमुई में जिस घर में कुछ महीने पहले बेटे की किलकारियों से खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम और चीख-पुकार पसरी है। माता-पिता ने अपने पहले बच्चे के जन्म के साथ उसके सुनहरे भविष्य के अनगिनत सपने संजोए थे, लेकिन महज दो महीने की उम्र में मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
घटना जमुई के बरहट थाना क्षेत्र के विजयनगर गांव की है। मृत बच्चे की पहचान रोहित कुमार यादव के दो माह के पुत्र लव कुश कुमार के रूप में हुई है।
बच्चे के पिता रोहित कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार को गांव में आशा कार्यकर्ता की ओर से बच्चों का टीकाकरण किया गया था। इस दौरान उनके दो माह के बेटे को लगातार तीन इंजेक्शन लगाए गए। टीकाकरण के बाद बच्चे को बुखार आ गया। इसके बाद आशा कार्यकर्ता की ओर से दी गई दवा भी बच्चे को खिलाई गई, लेकिन उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ।
परिजनों का आरोप है कि बच्चे को दवा की अधिक खुराक दिए जाने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। रविवार को बच्चा सोया तो फिर दोबारा नहीं उठा। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
शादी के कुछ महीने बाद ही उजड़ गया खुशियों का संसार
रोहित कुमार यादव की शादी इसी साल जनवरी की शुरुआत में हुई थी। करीब दो महीने पहले बेटे के जन्म से परिवार में उत्सव जैसा माहौल था। लव कुश माता-पिता का पहला बच्चा और परिवार का इकलौता चिराग था। उसकी परवरिश को लेकर माता-पिता ने कई सपने देखे थे।
लेकिन मासूम की मौत ने उनकी दुनिया ही उजाड़ दी। बेटे के शव से लिपटकर मां बार-बार विलाप कर रही थी—अब हम कैसे जिएंगे, भगवान ने मेरे घर का चिराग ही बुझा दिया। मां की करुण पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
मेडिकल टीम करेगी मामले की जांच
इस संबंध में प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार ने बताया कि आशा कार्यकर्ता एवं अन्य माध्यमों से घटना की जानकारी मिली है। बच्चे को कौन-कौन सी दवाएं दी गई थीं और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पड़ताल के लिए मेडिकल टीम गठित की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मासूम की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।