Bihar Crime News: जहानाबाद के मखदुमपुर में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, मृतक कमलेश कुमार की पत्नी ने अपने भाई और अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके भाई समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है.
मामला मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कचनावा गांव का है. शनिवार रात कमलेश कुमार की लोहे के नुकीले रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी. रविवार सुबह पुलिस को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई.
घटना के बाद एसडीपीओ जहानाबाद-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर मामले की छानबीन शुरू की. जांच के दौरान सबसे पहले मृतक के साले चंदन कुमार को गया के खरखुरा इलाके से गिरफ्तार किया गया.
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कमलेश की पत्नी को शक था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध है. पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था और पत्नी ने पति पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया था.
पुलिस के अनुसार, लगातार विवाद के बाद महिला ने अपने भाई चंदन कुमार को इसकी जानकारी दी. इसके बाद चंदन ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ मिलकर कमलेश की हत्या की साजिश रची. आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने कमलेश पर नुकीले लोहे के रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी.
इस मामले में पुलिस ने गया जिले के सरवहदा थाना क्षेत्र के पनहरि गांव निवासी पिंटू कुमार, खुशहालपुर निवासी श्रवण कुमार, बाराचट्टी थाना क्षेत्र के बिंदा गांव निवासी मृतक के साढ़ू रवि कुमार, गया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोयरीबाड़ी निवासी रंजन कुमार, मृतक की पत्नी और उसके भाई चंदन कुमार को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने आरोपितों के पास से हत्या में इस्तेमाल नुकीला लोहे का रॉड, दो मोटरसाइकिल और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं. एसपी कोटा किरण ने सोमवार को मखदुमपुर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया.
एसपी के अनुसार, पुलिस ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
हत्या के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था. पुलिस के अनुसार, सड़क जाम करने के कारण आम लोगों को परेशानी हुई. इस संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.