Bihar Police News: बिहार के जहानाबाद में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए भारी उपद्रव, तोड़फोड़ और डीएम आवास पर पत्थरबाजी की घटना को लेकर आज मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव जहानाबाद पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जिले के पुलिस पदाधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।



निरीक्षण के दौरान आईजी विकास वैभव ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना, तोड़फोड़ करना और कानून अपने हाथ में लेना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे चीजो को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



उन्होंने कहा कि उपद्रव के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं तथा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई राउंड फायरिंग भी करनी पड़ी थी। इस पूरे मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



आईजी ने बताया कि अब तक इस मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का काम जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को बिगाड़ने और हिंसा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।