Bihar News: बिहार के जहानाबाद में मखदुमपुर थाना क्षेत्र के वीर्रा मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से आक्रोशित ग्रामीणों ने वीर्रा मोड़ के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अकौना गांव निवासी रामविनोद पासवान अपने पुत्र मोनू के साथ साइकिल से स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने साइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामविनोद पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका ईलाज के दौरान मौत हो गई।
सड़क दुर्घटना में पिता पुत्र की मौत की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और सड़क जाम कर दिया । आक्रोशित ग्रामीणों ने वीर्रा मोड़ के समीप सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर मखदुमपुर थानें की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इधर, जैसे ही पिता-पुत्र की मौत की खबर उनके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। फिलहाल पुलिस फरार स्कॉर्पियो चालक की पहचान करनें में जुटी है।