Bihar student protest: नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ छात्रों का आंदोलन बिहार के अलग-अलग जिलों में फैलता जा रहा है. बुधवार के बाद गुरुवार को भी राज्य के कई जिलों में छात्रों ने प्रदर्शन किया. जहानाबाद में प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब छात्रों ने पुलिस और जिलाधिकारी आवास की ओर पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की और कई राउंड फायरिंग की.
जहानाबाद में बड़ी संख्या में छात्र नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में सड़कों पर उतरे. प्रदर्शनकारी पटना-गया रेलवे ट्रैक पर भी पहुंच गए और अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया.
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों की ओर से जिलाधिकारी आवास पर भी पथराव किया गया. इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई शुरू की. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पथराव हुआ. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से कई राउंड फायरिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.
घटना की सूचना मिलते ही जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार मौके पर पहुंचे और पुलिस बल का नेतृत्व करते हुए स्थिति को संभाला. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने के लिए बल प्रयोग किया.
प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही. पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया. घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
जहानाबाद से अजीत कुमार की रिपोर्ट