JEHANABAD: जहानाबाद की डीएम छिरिड़ वाई भूटिया ने मखदुमपुर के मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। डीएम बच्चों के बीच बैठकर मिड-डे मील खाया और भोजन की गुणवत्ता जांची। 948 में सिर्फ 558 बच्चे उपस्थित मिले, जबकि 20 में 17 शिक्षक ही स्कूल में मौजूद थे। कम उपस्थिति और खराब साफ-सफाई पर डीएम ने नाराजगी जताई।
जहानाबाद की जिलाधिकारी श्रीमती छिरिड़ वाई भूटिया मंगलवार को अचानक मखदुमपुर स्थित मध्य विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने स्कूल में बच्चों के बीच बैठकर मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) खाया और भोजन की गुणवत्ता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान स्कूल में बच्चों की उपस्थिति काफी कम मिली। विद्यालय में नामांकित 948 बच्चों में से केवल 558 बच्चे ही उपस्थित थे। वहीं, 20 शिक्षकों में 17 शिक्षक ही स्कूल में मौजूद मिले। बच्चों की कम उपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी जताई और शिक्षकों को उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए।
MDM की पंजियां नहीं मिलीं संधारित
निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन से संबंधित पंजियां भी संधारित नहीं मिलीं। इस पर डीएम ने प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।
डीएम ने विद्यालय में बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ स्कूल में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शौचालय की खराब साफ-सफाई पर फटकार
स्कूल के निरीक्षण के दौरान शौचालय की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का सख्त निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि सरकारी स्कूलों में व्यवस्थाओं में सुधार और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।