JEHANABAD: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जहानाबाद जिले के रतनी फरीदपुर की अंचल अधिकारी (CO) नुजहत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर अवैध तरीके से जमाबंदी कायम करने, पहले से कायम जमाबंदी के निरस्त होने के बावजूद नई जमाबंदी खोलने और दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों में अनियमितता बरतने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।


विभाग की ओर से जारी संकल्प के अनुसार, जहानाबाद के समाहर्ता ने 7 अगस्त 2026 को पत्र जारी कर अंचल अधिकारी नुजहत के खिलाफ शिकायत और आरोपों से संबंधित रिपोर्ट भेजी थी।


रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अवैध रूप से जमाबंदी सृजित की। इसके अलावा, पहले से जमाबंदी कायम नहीं रहने के बावजूद डायरेक्ट नई जमाबंदी खोली गई। दाखिल-खारिज के आवेदन संख्या 399/2025-26 को एक बार अस्वीकृत किए जाने के बाद उसी दस्तावेज के आधार पर दोबारा स्वीकार किया गया। साथ ही डिमांड पंजी में भी अवैध तरीके से संशोधन करने का आरोप है।


इन गंभीर आरोपों को देखते हुए विभाग ने उनके खिलाफ आरोप पत्र गठित कर अनुशासनिक प्राधिकार के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 (1) के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया गया।


निलंबन अवधि के दौरान अंचल अधिकारी नुजहत का मुख्यालय गया स्थित मगध प्रमंडल आयुक्त कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के लिए अलग से संकल्प जारी किया जाएगा।


 दरअसल मामला जहानाबाद के रतनीफरीदपुर की अंचलाधिकारी नुजहत से जुड़ा हुआ है। इनके ऊपर अवैध जमाबंदी कायम करना और अपने पति के खाता में ऑनलाइन रिश्वत लेने का आरोप लगा है। जहानाबाद के रतनी फरीदपुर की महिला CO नुजहत अंचल पर गैरमजरूआ जमीन की जमाबंदी में रिश्वत लेने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि पति के खाते में 1.24 लाख रुपये ट्रांसफर हुए। पुलिस ने FIR में पति को नंबर-1 और CO को नंबर-2 आरोपी बनाया है.


अंचलाधिकारी ने कथित तौर पर गैरमजरूआ जमीन की जमाबंदी कायम कर दिया। आरोप है कि सीओ ने इसके एवज में पति के अकाउंट में मोटी रकम ली। मामला खुला तो इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की गई। डीएम ने आरोपी महिला अंचलाधिकारी, पति व अन्य के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने खेल कर दिया। थानेदार ने केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन महिला अंचलाधिकारी  को मुख्य आरोपी बनाने की बजाय पति को बना दिया। मामला सामने आने के बाद विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल ने जांच के आदेश दिये। इसकी जांच का जिम्मा स्पेशल विजिलेंस यूनिट को दिया है। 


क्या है पूरा मामला जानिये..

दरअसल यह पूरा मामला जहानाबाद का है, जिसने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रतनी फरीदपुर अंचल की महिला अंचल अधिकारी (सीओ) नुजहत अंचल पर रिश्वत लेने और जमीन के दाखिल-खारिज में कथित अनियमितता करने का गंभीर आरोप लगा है. शिकायतकर्ता राजकुमार का दावा है कि रिश्वत की रकम सीधे  अंचल अधिकारी नुजहत के रायसूल इस्लाम के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई है. इस मामले में शकुराबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।


 पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को कांड संख्या 304/26 के तहत मामला दर्ज किया है. एफआईआर में पुलिस ने सीओ के पति रायसूल इस्लाम को एक नंबर का अभियुक्त बनाया है. जबकि आरोपी अंचल अधिकारी, जिनपर सभी आरोप हैं, उन्हें नंबर दो पर संदिग्ध अभियुक्त बनाया है. इस मामले में पुलिस ने सीओ पति-पत्नी समेत सात लोगों को अभियुक्त बनाया है.