Bihar Crime News: बिहार के जहानाबाद जिले में बालू खनन के वर्चस्व और समरसेबल मोटर चोरी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया. घोसी थाना क्षेत्र के चैती पीपर और गिंजी गांव के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने एहतियात के तौर पर भारी संख्या में जवानों की तैनाती कर दी है.
जानकारी के अनुसार, हुलासगंज प्रखंड के चैती पीपर और गिंजी गांव के लोगों के बीच शनिवार को विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई. गोलीबारी के दौरान कई लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक को भीड़ ने पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
गोलीबारी में रामपुर गांव निवासी धीरज कुमार के सीने में गोली लगी थी. उन्हें गंभीर हालत में पटना के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मौत से पहले दिए गए अपने बयान में धीरज ने चैती पीपर गांव के अजय राम और विजय राम पर गोली मारने का आरोप लगाया था.
घटना के बाद मृतक के परिजन आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुट गए हैं. वहीं दूसरी ओर गोलीबारी में घायल विजय राम की पत्नी रूनी देवी ने 11 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. प्राथमिकी में गिंजी गांव के विष्णु शर्मा, मृतक धीरज कुमार समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है.
इस हिंसक झड़प के दौरान विष्णु शर्मा को भीड़ ने बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल उसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है. वहीं गोलीबारी में चैती पीपर गांव के सुधीर राम, अजय राम, विजय राम, दिनेश राम और रेशमी देवी भी घायल हुए हैं. चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत अब खतरे से बाहर है. दिनेश और सुधीर के पैर में, अजय के पेट में गोली लगी, जबकि विजय के पैर और रेशमी देवी के सिर के पास हल्की चोट आई है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए हैं. घोसी एसडीपीओ-2 कृति कमल स्वयं क्षेत्र में कैंप कर रही हैं और पुलिस की कई टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं. घटनास्थल से कई खोखे और एक बाइक भी बरामद की गई है.