Bihar New Minister: बिहार की राजनीति में कई ऐसे चेहरे हैं, जिन्होंने बेहद साधारण जीवन से निकलकर बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्हीं नामों में अब जहानाबाद के डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी भी शामिल हो गए हैं। कभी घर-घर जाकर सरसों का तेल बेचकर अपनी पढ़ाई और परिवार चलाने वाले प्रमोद चंद्रवंशी आज सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल में मंत्री बनाए गए हैं। उनके मंत्री बनने की खबर सामने आते ही जहानाबाद समेत पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
संघर्षों से भरा रहा शुरुआती जीवन
डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी जहानाबाद जिले के काको प्रखंड स्थित नेरथुआ मठ गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार बेहद साधारण आर्थिक स्थिति से गुजरता था। पिता अयोध्या प्रसाद खेती-बाड़ी कर किसी तरह परिवार का खर्च चलाते थे। घर की हालत ऐसी थी कि पढ़ाई जारी रखना भी आसान नहीं था।
लेकिन प्रमोद चंद्रवंशी ने मुश्किल हालात के आगे हार नहीं मानी। छात्र जीवन में ही वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए और पढ़ाई के साथ-साथ छोटे-मोटे काम भी करने लगे।
अखबार बेचने से लेकर घर-घर तेल बेचने तक
पटना में रहकर उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी। इस दौरान खर्च चलाने के लिए कभी अखबार बेचा तो कभी घर-घर जाकर सरसों का तेल बेचने का काम किया। उसी कमाई से उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और राजनीति में भी सक्रिय रहे।
गांव के लोग बताते हैं कि प्रमोद चंद्रवंशी का जीवन शुरू से ही संघर्षों से भरा रहा है। आज भी लोग उनके पुराने दिनों को याद करते हैं, जब वे साइकिल लेकर मोहल्लों में तेल बेचने जाया करते थे।
झोपड़ीनुमा घर से मंत्री पद तक का सफर
स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ साल पहले तक गांव में उनका घर काफी साधारण और झोपड़ीनुमा था। बाद में परिवार और भाइयों के सहयोग से एक छोटा पक्का मकान बन पाया। उनके भाई भी पटना की एक गैस एजेंसी में मामूली वेतन पर नौकरी करते थे।
ऐसे हालात से निकलकर बिहार सरकार में मंत्री बनना लोगों के लिए प्रेरणा की तरह देखा जा रहा है। इलाके में लोग इसे मेहनत, संघर्ष और धैर्य की जीत बता रहे हैं।
पहले भी निभा चुके हैं मंत्री की जिम्मेदारी
डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी इससे पहले भी बिहार सरकार में वन, पर्यावरण और सहकारिता मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठन और सरकार दोनों में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। यही वजह है कि सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें फिर से अहम जिम्मेदारी दी गई है।
मंत्री बनाए जाने की खबर के बाद जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों में उनके समर्थकों ने खुशी जताई। कई जगहों पर मिठाइयां बांटी गईं और लोगों ने इसे जिले के लिए गर्व की बात बताया।