Bihar Teacher Arrested: गोपालगंज में छात्राओं से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. उचकागांव थाना क्षेत्र के वृंदावन प्लस टू स्कूल के शिक्षक एहसान अख्तर को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने रविवार देर शाम सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे उसके घर से दबोचा. इस मामले के सामने आने के बाद से ही इलाके में शिक्षक के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही थी.
जानकारी के अनुसार, वृंदावन प्लस टू स्कूल में कार्यरत शिक्षक एहसान अख्तर पांच छात्राओं को प्रधानाध्यापक की अनुमति के बिना राजगीर भ्रमण पर ले गया था. इसी दौरान शिक्षक और छात्राओं से जुड़ा एक अमर्यादित एवं आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी सामने आई. वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल से लेकर आसपास के इलाके तक मामला चर्चा का विषय बन गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उचकागांव थाने में शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
SP के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की जांच और आरोपित शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी. हथुआ एसडीपीओ और उचकागांव थानाध्यक्ष के नेतृत्व में बनी इस टीम में जिला आसूचना इकाई (DIU) को भी शामिल किया गया था.
पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की. इसके बाद आरोपित शिक्षक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही थी. इसी क्रम में रविवार देर शाम पुलिस को सीवान के बड़हरिया में उसके घर पर मौजूद होने की जानकारी मिली, जिसके बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
आपत्तिजनक वीडियो के प्रसारित होने के बाद वृंदावन प्लस टू स्कूल में भी विरोध देखने को मिला था. इस दौरान शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने की सूचना भी सामने आई थी. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित की तलाश तेज कर दी थी.
आखिरकार उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष झा के नेतृत्व में गठित टीम ने सीवान के बड़हरिया से एहसान अख्तर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है.