Bihar News: बिहार के गोपालगंज में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुचायकोट थाना क्षेत्र के बघउच गंडक नहर पुल के पास एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गंडक नहर में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। 



पुलिस ने वाहन को नहर से बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को नहर से बाहर निकाला। 



हादसे के समय बारिश भी हो रही थी, जिससे राहत कार्य में दिक्कतें आईं। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा माना जा रहा है कि वाहन नहर में गिरने से पहले ही चालक बाहर निकल गया था। फिलहाल स्कॉर्पियो के रजिस्ट्रेशन नंबर BR-28P-3165 के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। 



साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच जारी है। फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है और वाहन चालक की तलाश जारी है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज