Bihar News: गोपालगंज में पूर्व सांसद एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नगीना राय के बहुचर्चित हत्याकांड में करीब 35 साल बाद अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संजीव कुमार सिंह की अदालत ने पूर्व विधायक बच्चा चौबे के पुत्र परमात्मा चौबे और ब्रजभूषण चौबे को हत्या के मामले में दोषी करार दिया है। वहीं, तीसरे आरोपित सत्येंद्र उपाध्याय को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया। दोषी करार दिए गए दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है। अब 8 दिसंबर को अदालत में सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी।
अदालत के फैसले के बाद दोषी करार दिए गए दोनों अभियुक्तों के चेहरे पर मायूसी दिखाई दी। वहीं, तीसरे आरोपित सत्येंद्र उपाध्याय को अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर संदेह का लाभ देते हुए बाइज्जत बरी कर दिया। फैसला सुनाते हुए अदालत ने हत्याकांड के 35 वर्षों तक लंबित रहने पर भी नाराजगी जताई। इतने लंबे समय बाद आए इस फैसले से एक बार फिर नगीना राय हत्याकांड चर्चा में आ गया है। अदालत परिसर में भी फैसले को लेकर लोगों के बीच काफी चर्चा होती रही।
दोषी करार दिए जाने के बाद परमात्मा चौबे और ब्रजभूषण चौबे को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। अब अदालत 8 दिसंबर को दोनों दोषियों की सजा के बिंदु पर सुनवाई करेगी। इस मामले में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार दुबे ने पैरवी की। वहीं, अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी धर्मदेव सिंह और अधिवक्ता वेद प्रकाश तिवारी ने अदालत के समक्ष साक्ष्य और दलीलें प्रस्तुत कीं।
कुचायकोट थाना में दर्ज कांड संख्या 40/1991 के अनुसार, गोपालपुर गांव निवासी पूर्व सांसद एवं बिहार सरकार में मंत्री रहे नगीना राय 10 अप्रैल 1991 को पटना से गोपालगंज लौट रहे थे। बताया जाता है कि गोपालगंज को-ऑपरेटिव बैंक में कुछ लोगों से मुलाकात करने के बाद वह अपने घर के लिए निकले थे। शाम करीब छह बजे उनकी जीप कुचायकोट थाना क्षेत्र के भोपतिपुर गांव पहुंची। इसी दौरान सड़क पर गन्ने से लदी बैलगाड़ी के कारण उनकी जीप रुक गई।
जीप रुकते ही वहां पहले से मौजूद सात से आठ लोगों ने नगीना राय पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सरेराह हुई इस गोलीबारी में पूर्व सांसद की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
घटना के बाद मामले की लंबी न्यायिक प्रक्रिया चली। करीब 35 वर्षों तक चले इस मुकदमे में अब अदालत ने दो अभियुक्तों को दोषी करार दिया है। हालांकि, तीसरे आरोपित को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया है। अब सभी की नजरें 8 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जिसमें अदालत दोनों दोषियों की सजा पर फैसला करेगी।