Bihar News: बिहार के विभिन्न जिलों में इन दिनों अपनी मांग मनवाने के लिए मोबाइल और बिजली के टावर पर चढ़ने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।


रविवार सुबह ग्रामीणों की नींद खुली तो उन्हें पता चला कि एक महिला गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ी हुई है। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, महिला की शादी वर्ष 2019 में हुई थी और वह तीन बच्चों की मां है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने दूसरी महिला को अपने साथ रख लिया है। इस संबंध में उसने पहले पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वह नाराज थी।


अपनी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से परेशान महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने कई घंटों तक महिला को समझाने-बुझाने की कोशिश की। लंबे समय तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद महिला टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गई।


इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस महिला और उसके पति को पूछताछ के लिए थाने ले गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।