Bihar Crime News: बिहार के गोपालगंज जिले से हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. फुलवरिया थाना क्षेत्र के माड़ीपुर गांव में बेटे के मोबाइल पर कथित तौर पर अश्लील और अभद्र संदेश भेजने की शिकायत करने गई एक महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया. हमले में महिला की गर्दन पर गंभीर चोट आई. इतना ही नहीं, आरोपियों पर मारपीट के दौरान सोने के जेवर और नकदी लूटने का भी आरोप लगा है.
घायल महिला की पहचान माड़ीपुर गांव निवासी विजय चौहान की पत्नी ममता देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में फुलवरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज रेफर कर दिया.
पीड़िता ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उनके बेटे सूरज कुमार के मोबाइल पर गांव के सुलेखन चौहान और गोलू चौहान लगातार गाली-गलौज और अश्लील संदेश भेज रहे थे. इसी की शिकायत करने और बात पूछने के लिए वह उनके घर गई थीं.
महिला का आरोप है कि वहां पहुंचते ही सुलेखन चौहान, गोलू चौहान, सुखन महतो, रंजू देवी, लक्ष्मण महतो, रुना देवी समेत आठ लोगों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया. आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें चाकू के वार से उनकी गर्दन गंभीर रूप से घायल हो गई.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके गले से सोने का मंगलसूत्र, कान का झुमका और 50 हजार रुपये नकद भी छीन लिए गए. घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.
महिला ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, जिसकी प्राथमिकी पहले से दर्ज है. इसके बावजूद एक बार फिर आरोपियों ने हमला कर दिया.
फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि घायल महिला के लिखित आवेदन के आधार पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.