Bihar News: गोपालगंज के मझौलिया थाना क्षेत्र के दूधा चतुरी वार्ड नंबर चार में रविवार को जेसीबी की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने जेसीबी चालक की जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दूधा मठिया वार्ड नंबर एक निवासी कन्हैया महतो की जेसीबी मशीन मिट्टी काटने के बाद गांव के रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान दूधा चतुरी वार्ड नंबर चार निवासी राजेश साह के घर के समीप उनकी तीन वर्षीय बच्ची मशीन की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। बच्ची की मौत से गुस्साए लोगों ने जेसीबी चालक कन्हैया महतो की पिटाई कर दी। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। बच्ची के माता-पिता का विलाप सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि जेसीबी की टक्कर से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हुई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सूत्रों के अनुसार घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते की कोशिश किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..