Bihar Police Action: गोपालगंज के सिधवलिया में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप के लिए चयनित सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची प्रशासनिक टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा. जलालपुर बाजार में अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव कर दिया. इस दौरान अतिक्रमण हटाने में लगे बुलडोजर को भी निशाना बनाया गया. हालात बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. हालांकि, विरोध के बावजूद प्रशासन ने सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटवा दिया.
दरअसल, जलालपुर पंचायत के जलालपुर बाजार में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप बनाने के लिए सरकारी जमीन का चयन किया गया है. इस जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था. प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन इसके बावजूद जमीन खाली नहीं की गई. इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने का फैसला लिया.
प्रभारी एसडीएम रंजना भारती और अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची. टीम ने जैसे ही अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया, वहां मौजूद लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कुछ लोगों ने पुलिस व प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया. इस दौरान बुलडोजर को भी निशाना बनाया गया.
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. एसडीपीओ सदर-2 कृपाल चंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही थी. मौके पर सिधवलिया थानाध्यक्ष सोमदेव झा और महम्मदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार भी पुलिस बल के साथ मौजूद थे.
पथराव और विरोध के बाद स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया. इसके बाद प्रशासन ने अपनी कार्रवाई जारी रखी और जेसीबी की मदद से सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया.
अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप के लिए चयनित सरकारी जमीन को खाली करा लिया गया है. अब यहां जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.