Gopalganj SDM Vigilance Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है. गोपालगंज सदर की एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है. जांच में दोनों की वैध आय से करीब 84 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की बात सामने आई है. इसके बाद विजिलेंस की अलग-अलग टीमों ने गोपालगंज और पटना में एक साथ सात ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी.
विशेष न्यायाधीश निगरानी, पटना से सर्च वारंट मिलने के बाद मंगलवार सुबह से ही विजिलेंस की टीमें कार्रवाई में जुट गईं. गोपालगंज में नौ सदस्यीय टीम का नेतृत्व स्पेशल विजिलेंस के सीनियर डीएसपी संजय कुमार वर्मा कर रहे हैं. टीम एसडीएम और उनके इंजीनियर पति से जुड़ी संपत्तियों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन के दस्तावेजों की जांच कर रही है.
84 प्रतिशत अधिक संपत्ति का कैसे हुआ खुलासा?
विशेष निगरानी इकाई की जांच में एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति रितेश कुमार की संपत्ति उनकी वैध आय के मुकाबले करीब 84 प्रतिशत अधिक पाई गई है. रितेश कुमार रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट में इंजीनियर हैं. इसी आधार पर विशेष निगरानी इकाई ने दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है.
विजिलेंस की टीम अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि दोनों के नाम पर कितनी संपत्ति है और उनकी आय के स्रोत क्या हैं. इसके लिए जमीन-जायदाद के कागजात, बैंक खातों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं.
पटना के आलीशान मकान में नोट गिनने की मशीन मंगवाई
छापेमारी का एक बड़ा केंद्र पटना से सटे दानापुर के गोला रोड स्थित चंद्रशेखर रोड नंबर-1 का चार मंजिला मकान है. यहां सुबह करीब 9 बजे से ही विजिलेंस की टीम जांच कर रही है. मकान के अलग-अलग कमरों और अलमारियों की तलाशी लेने के साथ परिवार से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.
जांच के दौरान टीम ने नोट गिनने की मशीन भी मंगवाई है. इसके बाद से इस कार्रवाई को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, अभी तक बरामद नकदी या अन्य संपत्तियों का आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है.
बैंक खातों से लेकर जमीन के कागजात तक खंगाल रही टीम
विजिलेंस अधिकारी केवल मकानों की तलाशी तक सीमित नहीं हैं. टीम डिजिटल उपकरणों, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है. गोपालगंज और पटना के कुल सात ठिकानों पर एक साथ चल रही इस कार्रवाई में हर संपत्ति और वित्तीय रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है.
स्पेशल विजिलेंस के सीनियर डीएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर यह छापेमारी की जा रही है. विशेष निगरानी इकाई ने इंजीनियर रितेश कुमार और उनकी पत्नी गोपालगंज एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है.
फिलहाल विजिलेंस की टीमें सभी सात ठिकानों पर जांच में जुटी हैं. छापेमारी पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि जांच के दौरान कितनी नकदी, संपत्ति के दस्तावेज और अन्य अहम सबूत मिले हैं.