Bihar Road Accident: गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के सिधवलिया गांव में सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतकों की पहचान सिधवलिया गांव निवासी अक्षय राम और उनकी पत्नी पुष्पा देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोमवार रात दंपती किसी काम से बाइक पर निकले थे। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। दंपती की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि अक्षय राम और पुष्पा देवी की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। दोनों की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था कि एक सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। नवविवाहित दंपती की एक साथ मौत से परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।