Bihar News : गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सोनवलिया गांव में एक युवक के साथ सिर्फ इसलिए बेरहमी से मारपीट की गई, क्योंकि उसने मरी हुई बकरी का मटन खाने से इनकार कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले बैकुंठपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान सोनवलिया गांव निवासी सुशांत कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक गांव में पहले से ही पट्टीदारी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच परिवार की एक बकरी की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आरोप है कि बकरी के मरने के बाद कुछ लोगों ने उसे काटकर उसका मांस बेच दिया और बचा हुआ मटन पकाकर खाने लगे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम सुशांत कुमार बाइक से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव में पट्टीदारों के दरवाजे के पास पहुंचा, वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने सुशांत को मटन खाने के लिए कहा। लेकिन युवक ने यह कहते हुए मटन खाने से इनकार कर दिया कि वह मरी हुई बकरी का मांस नहीं खाएगा।
बस इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवक के इनकार करते ही वहां मौजूद लोग आगबबूला हो गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया। मारपीट में सुशांत गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक को तब तक पीटा गया, जब तक वह अधमरी हालत में नहीं पहुंच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल अवस्था में पड़े सुशांत को उठाया और तत्काल इलाज के लिए बैकुंठपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। शनिवार सुबह परिजन उसे लेकर गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घायल युवक के पिता रामदेव राम ने आरोप लगाया है कि पट्टीदारी के लोगों ने जान मारने की नीयत से उनके बेटे पर हमला किया। उन्होंने कहा कि मामूली बात को लेकर बेटे को बेरहमी से पीटा गया। परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद बैकुंठपुर थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।